Unnao: लोडर ने महिलाओं को मारी टक्कर ,एक की मौत व चार महिलाएं घायल,चालक फरार

Update: 2024-07-30 07:09 GMT
Unnao उन्नाव। माखी थानाक्षेत्र के उन्नाव-हरदोई मार्ग पर धान रोपाई कर लौट रही महिलाओं को लोडर में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक वृद्धा की मौत हो गई और चार महिलाएं घायल हो गई। जिन्हें इलाज के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से दो महिलाओं को कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। पांचों महिलाएं एक ही गांव की रहने वाली थी।
माखी थानाक्षेत्र के पावा गांव निवासी सुमन (45) पत्नी प्यारेलाल, सुधा (48) पत्नी श्यामलाल, रामप्यारी (65) पत्नी स्व. राजेंद्र, ममता उर्फ महराजिन (65) पत्नी स्व. नरेंद्र पाठक व सुनीता (33) पत्नी सुनील कृषि मजदूरी का काम करती है। कई दिनों से सभी माखी थानाक्षेत्र के चकलवंशी के पास एक खेत में धान की रोपाई के लिए मजदूरी कर रही थी।
सोमवार शाम करीब 7:30 बजे काम खत्म होने के बाद सभी साधन की तलाश में चकलवंशी चौराहा की ओर पैदल जा रही थी। तभी उन्नाव-हरदोई मार्ग पर बंगला गांव के पास उन्नाव से हरदोई की ओर जा रहे तेज रफ्तार लोडर ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने लोडर का पीछा किया तो चालक वाहन छोड़ कर माैके से भाग निकला।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायल महिलाओं को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाॅक्टरों ने ममता उर्फ महराजिन को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुधा, रामप्यारी की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं सुनीता को परिजन निजी अस्पताल ले गए। डाॅक्टरों के मुताबिक रेफर हुई दो महिलाओं की हालत भी गंभीर है। एसओ संदीप मिश्र ने बताया कि लोडर ने महिलाओं को पीछे से टक्कर मारी है। एक की मौत हुई है, चार महिलाएं घायल है। उनका इलाज चल रहा है।
दिवंगत ममता के पति और बेटे की हो चुकी है हत्या
हादसे का शिकार हुई दिवंगत ममता उर्फ महराजिन के पड़ोसी व घायल सुमन के पति प्यारेलाल ने बताया कि ममता के पति नरेंद्र पाठक व उनके एक बेटे की करीब 20 साल पहले गांव के पास हत्या हुई थी। इसके बाद उसने अपने दूसरे बेटे सुनील उर्फ इंदू को बड़ा होने पर गांव से बाहर मजदूरी करने भेज दिया था। उसकी बेटी की शादी हो चुकी है। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
Tags:    

Similar News

-->