वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में शिक्षक और स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर शिक्षकों और युवाओं से मतदान करने की अपील की है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों का समर्थन करते हुए कहा कि मतदाता अच्छे उम्मीदवारों को चुनें और 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा ने शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. प्रमोद मिश्रा और स्नातक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र से केदारनाथ सिंह को प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने दोनों उम्मीदवारों का जिक्र करते हुए शिक्षकों और स्नातक मतदाताओं से समर्थन की अपील की।
 सीएम योगी ने कहा, "मैं शिक्षकों और युवाओं से कहूंगा कि आप सभी अच्छे प्रत्याशियों को जिताइए। हमने शिक्षक विधान परिषद क्षेत्र से डॉ. प्रमोद मिश्र और स्नातक विधान परिषद क्षेत्र से केदारनाथ सिंह को अपना प्रत्याशी बनाकर उतारा है। उन्होंने आगे कहा कि 23 अक्टूबर को मतदान होना है। मतदान के दिन पात्र मतदाता कर्मचारियों के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश की व्यवस्था की गई है, ताकि वे अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें।
 मुख्यमंत्री ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. प्रमोद मिश्रा का जिक्र करते हुए कहा कि वे स्वयं शिक्षक हैं और शिक्षकों के हित में काम करेंगे। उन्होंने मतदाताओं से चुनाव में सक्रिय भागीदारी की अपील की। वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक विधान परिषद चुनाव के लिए कुल 34 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें स्नातक सीट पर 24 और शिक्षक सीट पर 10 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।
Tags: