परिवार घर में था मौजूद, सुबह मृत मिली महिला; जांच शुरू
घर में महिला का शव मिलने से हड़कंप, मौत की वजह स्पष्ट नहीं
औरैया: बिधूना कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव में शुक्रवार सुबह घर के भीतर एक महिला का शव मिला। परिवार के अन्य सदस्य भी घर में मौजूद थे। बरामदे में खून के निशान मिलने के बाद पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल की जांच की। महिला की मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
जानकारी के अनुसार, सलेमपुर निवासी पुनीता देवी (35), पत्नी हरि सिंह का शव सुबह करीब सात बजे मिला। बताया गया कि रात में वह पति और बेटी के साथ सो रही थीं, जबकि बेटा और बहू दूसरे कमरे में थे। सुबह परिजनों ने उन्हें मृत देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान बरामदे में खून बिखरा होने की बात सामने आई।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार, सहार थानाध्यक्ष गणेश गुप्ता और बेला थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घर और आसपास का निरीक्षण किया।
इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि मामले की पड़ताल जारी है। जांच के बाद ही मौत की वजह और घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।