नोएडा: सेक्टर 50 की दी क्रीसेंट अपार्टमेंट सोसाइटी के दो फ्लैटों में चोरी की जांच पुलिस को करीब 400 सीसीटीवी कैमरों और 4,000 फोन नंबरों की पड़ताल तक ले गई। चार टीमों की जांच के बाद सेक्टर 49 थाना पुलिस ने गुरुवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य सामान बरामद किया गया है।

पुलिस उपायुक्त जोन प्रथम प्रीति यादव ने बताया कि सोसाइटी निवासी नितिन ने 13 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनके और पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति के फ्लैट का ताला तोड़कर जेवरात, नकदी तथा घड़ी सहित लाखों रुपये का सामान चोरी किया गया था।

मुकदमा दर्ज होने के बाद जांच के लिए चार पुलिस टीमें बनाई गईं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के साथ हाईवे तथा जिले की सीमाओं पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी। सर्विलांस की मदद से घटनास्थल के आसपास के करीब 4,000 फोन नंबरों का विश्लेषण किया गया।

डीसीपी के अनुसार, सूचना के आधार पर वीरेंद्र उर्फ सोनू पुत्र सुल्तान सिंह, सनी उर्फ सोनू पुत्र रोशन लाल और जितेंद्र मौर्य उर्फ मुन्ना पुत्र रामविलास को गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों से वैगनआर कार, दो फर्जी नंबर प्लेट, सोने के 100 ग्राम के बिस्किट, चांदी की दो किलो की सिल्ली, सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद हुई है। ताले तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले औजार भी मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित कई राज्यों में वारदातें की हैं। जितेंद्र मौर्य के खिलाफ पहले से सात, सनी के खिलाफ चार और वीरेंद्र के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज हैं।

Tags: