मेडिकल में पास कराने का दावा कर फोन करने वालों पर जांच
गाजियाबाद में भर्ती अभ्यर्थियों से रकम की मांग, तीन से पूछताछ
गाजियाबाद: 47वीं वाहिनी पीएसी में मेडिकल परीक्षण करा रहे अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को फोन कर पास कराने के एवज में रुपये मांगने का मामला सामने आया है। शिकायत पर कविनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पीएसी परिसर में 14 से 21 नवंबर तक अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है। इसी दौरान 17 नवंबर को कविनगर थाने में तहरीर दी गई। शिकायत में बताया गया कि एक मोबाइल नंबर से अभ्यर्थियों तथा उनके परिजनों को फोन किए जा रहे हैं। फोन करने वाले मेडिकल परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर रकम मांग रहे हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। एसीपी कविनगर अभय राजेंद्र डागा के मुताबिक, विवेचना के दौरान चेतन, सुंदर सिंह और रईस खान को हिरासत में लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।