पुरानी रंजिश में जानलेवा हमले का आरोप, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
अतर्रा पुलिस ने फायरिंग मामले में अतुल और धीरेन्द्र को पकड़ा
बांदा: पुरानी रंजिश में दो दोस्तों पर तमंचे से जानलेवा फायरिंग करने के मामले में अतर्रा पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अतुल को 18 नवंबर की रात पकड़ा गया, जबकि धीरेन्द्र उर्फ धीरू की गिरफ्तारी गुरुवार, 19 नवंबर को हुई। मुख्य आरोपी राघव और उसके दो अज्ञात साथी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
अतर्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार राय ने बताया कि तीन नवंबर 2026 को निखिल ने तहरीर देकर हमले की शिकायत की थी। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते राघव अपने चार साथियों के साथ आया और निखिल तथा उसके मित्र को जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गईं।
इसी क्रम में बदौसा थाना क्षेत्र के तुर्रा निवासी अतुल पुत्र नर्वदा को 18 नवंबर की रात गिरफ्तार किया गया। दूसरे आरोपी धीरेन्द्र उर्फ धीरू पुत्र महेंद्र, निवासी पचनेही, थाना कोतवाली देहात को 19 नवंबर को अतर्रा मंडी के पास से पकड़ा गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। थाना प्रभारी के अनुसार, राघव और उसके दो अन्य अज्ञात साथियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।