बैंक और मर्चेंट से समन्वय कर साइबर सेल ने वापस कराई ठगी की रकम
खाते में लौटे 4.68 लाख रुपये, पीड़ित ने पुलिस का जताया आभार
मीरजापुर: वाहन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हुए अरविन्द कुमार सिंह के खाते में पूरी धनराशि वापस आ गई है। कोतवाली कटरा की साइबर सेल ने बैंक और मर्चेंट से समन्वय कर 4.68 लाख रुपये पहले होल्ड कराए और फिर नियमानुसार पीड़ित को वापस दिलाए।
बथुआ रीवा रोड निवासी अरविन्द कुमार सिंह पुत्र विजय बहादुर सिंह ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वाहन दिलाने का झांसा देकर उनके बैंक खाते से इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से 4.68 लाख रुपये का लेनदेन कर ठगी की गई।
शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में साइबर सेल ने संबंधित बैंक और मर्चेंट से संपर्क कर रकम होल्ड कराई। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूरी राशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
रकम मिलने पर अरविन्द ने गुरुवार को कोतवाली कटरा पहुंचकर पुलिस टीम का आभार जताया। कार्रवाई में निरीक्षक नीरज कुमार पाठक और साइबर सेल के आरक्षी इरफान अंसारी की भूमिका रही।
पुलिस ने पीड़ित को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया और अन्य लोगों को भी सतर्क करने की अपील की।