Shamli: शराब को नष्ट करते समय लगी आग, चार झुलसे

Update: 2026-02-15 04:45 GMT
Shamli : कोर्ट के आदेश पर जब्त शराब को नष्ट करने के दौरान कोतवाली के पीछे खंडहर में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से दो पुलिसकर्मी और दो चौकीदार झुलस गए। घटना से झिंझाना थाना परिसर और आसपास में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।शनिवार को एसडीएम ऊन संदीप कुमार त्रिपाठी, सीओ कैराना हेमंत कुमार, थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कसाना तथा आबकारी विभाग की टीम की मौजूदगी में 59 मुकदमों में पकड़ी गई अवैध शराब को न्यायालय के आदेश पर नष्ट किया जा रहा था। इसी दौरान कोतवाली के पास गोदाम के निरीक्षण के समय चौकीदार झिंझाना के नवाब ने माचिस की तिल्ली फेंक दी, जिससे शराब ने आग पकड़ ली।
आग की चपेट में आकर हेड कांस्टेबल जोनी, हेड कांस्टेबल ललित, चौकीदार नवाब निवासी तिसंग और जेसीबी चालक सुनील निवासी लक्ष्मणपुर झुलस गए। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने तुरंत आग पर काबू पाया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। सीओ कैराना हेमंत कुमार ने बताया कि चौकीदार ने बीड़ी जलाने के बाद पास में ही माचिस की तिल्ली फेंक दी। तिल्ली गिरने से आग लग गई। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि हादसे की जांच कराई जा रही है। चारों की हालत खतरे से बाहर है।
Tags:    

Similar News