छत्तीसगढ़

बिलासपुर तक हेरोइन भेज रहा मुख्य सरगना पकड़ाया

Nilmani Pal
15 Feb 2026 9:27 AM IST
बिलासपुर तक हेरोइन भेज रहा मुख्य सरगना पकड़ाया
x

जनता से रिश्ता की खबर का असर हुआ है...

बिलासपुर। 34 ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में पुलिस ने पंजाब के तरनतारन जिले से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। जांच में मिले इनपुट के आधार पर यह गिरफ्तारी की गई। आरोपी को जिस गांव से पकड़ा गया, वह भारत-पाक सीमा से महज 200 मीटर दूर है।

जांच में यह भी सामने आया है कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब में नशीले पदार्थ भेजे जाते हैं। इसके बाद वहां से इन्हें अलग-अलग राज्यों में सप्लाई किया जाता है। पुलिस का मानना है कि इसी नेटवर्क के जरिए बिलासपुर तक हेरोइन पहुंचाई जा रही थी।

फिलहाल, मुख्य सप्लायर को पंजाब से ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है। यहां उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

दरअसल, 1 फरवरी को चकरभाठा थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से कुल 34 ग्राम हेरोइन जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों में मोहित हिंदूजा (32), करन दीप सिंह (29) और आर. रजिंदर कुमार (35) शामिल हैं।पूछताछ में सामने आया था कि करन दीप सिंह दूसरे राज्य से हेरोइन लाकर मोहित हिंदूजा को देता था। इसके बाद वह अपने साथी रजिंदर कुमार के साथ मिलकर हेरोइन को ऊंचे दामों पर बेचता था। तीनों को जेल भेजकर पुलिस ने जांच तेज कर दी थी।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बाहरी राज्यों से जुड़े नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अन्य राज्यों में भी दबिश दी जाएगी और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पंजाब से मुख्य सप्लायर की पहचान हुई। जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

Next Story
null