मीरजापुर। जिले के विभिन्न हिस्सों में सड़कों से लेकर खेत-खलिहानों तक छुट्टा गौवंशो ने किसानों से लेकर आमजनों का जीना मुहाल कर रखा है। आलम यह है कि खेती-किसानी से ज्यादा समय इनसे रखवाली करने के लिए किसानों को समय निकालना पड़ रहा है।
जिले के लालगंज, हलिया, ड्रमंडगंज सहित मैदान, पहाड़ी विकास खंड क्षेत्र में इनकी बढ़ती तादाद ने लोगों को परेशान कर रखा है। फसलों को नुक्सान पहुंचाने के साथ यह दुर्घटना का भी कारण बन रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आवारा पशुओं के आतंक से ग्रामीण, किसान परेशान हैं। आवारा पशु किसानों की खेतों में खड़ी फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। गेहूं और सरसों की बुवाई का समय चल रहा है। कहीं-कहीं सरसों के छोटे-छोटे पौधे निकल आए हैं, जिन्हें आवारा पशु पैरों से रौंदकर नष्ट कर दे रहे हैं। इससे किसानों को दोबारा फसल तैयार होने की चिंता सता रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम विकास अधिकारी से शिकायत करने पर वह गौशाला में खाली जगह देखने की बात कहकर टाल देते हैं, लेकिन अभी तक न तो कोई गौशाला खाली मिली और न ही आवारा पशुओं को पकड़कर कहीं भेजा गया। ऐसे में किसान अपनी समस्या लेकर आखिर किसके पास जाएं।
किसानों का कहना है कि दिन-रात मेहनत कर बोई गई फसल आवारा पशुओं के कारण बर्बाद हो रही है। इसके बावजूद संबंधित अधिकारी बेखबर बने हुए हैं। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर जांच कराने तथा आवारा पशुओं को पकड़वाकर गौशाला में संरक्षित कराने की मांग की है।
हाइवे पर गौवंशो की तादाद, बन हुए हैं दुर्घटना कारण
छुट्टा गौवंशो को लेकर बात खेत-खलिहानों तक ही नहीं समाप्त होती है। इनका आतंक सड़कों हाइवे पर भी देखा जा रहा है जहां तादाद में यह जमें हुए मिल जायेंगे। अक्सर रात्रि के समय यह दुर्घटना का कारण बनते हुए आएं हैं, बावजूद इनसे बचाव के कोई ठोस उपाय नहीं किए जा रहे हैं।
Tags: