Kanpur कानपुर: सजेठी थाना क्षेत्र के एक गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक खंडहर में युवक और युवती के शव फंदे से लटके मिले। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच की। शवों से आ रही दुर्गंध के चलते शव एक सप्ताह पुराने बताए जा रहे हैं। अभी तक पुलिस दोनों की शिनाख्त नहीं कर पाई है। खंडहर में तब्दील हो चुके डुहरू गांव निवासी शिवकरन भदौरिया के पुराने मकान में 25 वर्षीय युवक और 23 वर्षीय युवती के शव दुपट्टे से लटके मिले। दुर्गंध आने पर खेत में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने शवों को देखा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक दोनों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। कहा जा रहा है कि दोनों प्रेमी युगल हैं और शादी में आने वाली परेशानी से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया है। युवक ने काले रंग की टीशर्ट और जींस पहन रखी है जबकि युवती ने पीले रंग की सलवार, कुर्ता और सफेद व काले रंग का स्वेटर पहना हुआ है। प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की लेकिन उनकी पहचान नहीं हो सकी। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।