Kanpur : बोरिंग करने गए मजदूर की मौत, एडवांस पैसे मांगने पर बेरहमी से पीटा
Kanpur कानपुर: रूरा थाना क्षेत्र के उलरापुर गांव में बोरिंग का काम करने गए मजदूर ने जब एडवांस मांगा तो पहले तो उसे पैसे देने से मना कर दिया गया और जब मजदूर ने काम करने से मना कर दिया तो उसे रॉड से बेरहमी से पीटा गया. गंभीर रूप से घायल मजदूर की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. इस मामले में पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है. रूरा थाना क्षेत्र के उलरापुर गांव निवासी रमा देवी ने बताया कि शुक्रवार शाम उसके भाई सुभाष को गांव का ही लोथा बोरिंग कराने के लिए घर से ले गया था. रमा देवी के मुताबिक जब उसके भाई ने लोथा से एडवांस पैसे मांगे तो उसने देने से मना कर दिया. इस पर उसके भाई सुभाष ने भी बोरिंग करने से मना कर दिया. इससे नाराज लोथा, करन सिंह, शिव सिंह, अमित कुमार उर्फ छौवा, बउवा, हिमांशु, ओमजी और बबीता ने मिलकर उसके भाई को गाली देना शुरू कर दिया|
जब सुभाष ने गाली देने का विरोध किया तो बबीता ने अपने पति करन सिंह और अन्य लोगों की मदद से उसके भाई को रॉड से बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया. शोर सुनकर पीड़ित और पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो आरोपी उन्हें धमकाते हुए भाग गए। परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान सुभाष की मौत हो गई। ईएमओ डॉ. निशांत पाठक ने मेमो भेजकर पुलिस को सूचना दी। रूरा थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। एहतियात के तौर पर गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है। आरोपी घरों में ताला लगाकर फरार हो गए हैं।