Gorakhpurगोरखपुर : गोरखपुर में पुलिस की नाकेबंदी देख भाग रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो शुक्रवार की देर रात देवरिया के गौरी बाजार क्षेत्र में डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार एक महिला और पुरुष की मौत हो गई। जबकि एक घायल है, जिसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पलटने से पहले भाग रही स्कॉर्पियो ने कई वाहनों में ठोकर मारी और पुलिसकर्मियों को भी कुचलने की कोशिश की।
झंगहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली थी कि कुछ पशु तस्कर रास्ते से गुजर रहे हैं। पुलिस ने सतहवा ढाले के पास नाकाबंदी करते हुए चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस द्वारा पिकअप की जांच की जा रही थी। तभी उसके पीछे खड़ी स्कॉर्पियो वाहनों में ठोकर मारते हुए भागने लगी। मौका देखकर पिकअप चालक भी भाग निकला। पुलिस ने पीछा कर पिकअप सवार एक युवक को पकड़ लिया। तबतक स्कॉर्पियो आगे निकल चुकी थी। स्कॉर्पियो सवारों को पशु तस्करों के साथी होने के संदेह पर पुलिस ने स्कॉर्पियो का पीछा किया और गौरी बाजार पुलिस को अलर्ट कर दिया। गौरी बाजार में पुलिस की घेराबंदी से बचने के प्रयास में स्कार्पियो चालक ने दूसरी लेन से भागने की कोशिश की, लेकिन आगे ट्रैक्टर होने की वजह से वह डिवाइडर से जा टकराया और अनियंत्रित होकर पलट गया।
पुलिस ने 3 घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां दो को मृत घोषित कर दिया गया। इनमें से एक की पहचान मनीषा यादव वहीं पुरुष की पहचान विशाल कुमार के रूप में हुई है। दोनो कहां के रहने वाले हैं अभी इसकी जानकारी नहीं हो पाई है। इसकी सूचना वायरलेस सेट पर प्रसारित की गई और पुलिस को अलर्ट किया गया था। गौरी बाजार क्षेत्र में स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराकर पलट गई। दुर्घटना में दो की मौत हो गई। वहीं एक घायल है। पिकअप सवारों में से भी एक को पकड़ लिया गया है। पूछताछ जारी है। जल्द ही नेटवर्क का खुलासा कर दिया जाएगा।