खुद थी बीमा की नॉमिनी, दो करोड़ के इंश्योरेंस का लालच, पति को जहर देने के आरोप में पत्नी गिरफ्तार
खुद थी बीमा की नॉमिनी, पति को धीमा जहर देने का आरोप
उत्तर प्रदेश। गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां दो करोड़ रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी और संपत्ति हासिल करने के लालच में एक महिला पर अपने पति को धीमा जहर देकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं, महिला पर पति के बेटे और भांजे को भी निशाना बनाने का आरोप है। पुलिस ने मामले में फरार चल रही 42 वर्षीय रेनू भटनागर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला दिल्ली की झिलमिल कॉलोनी की रहने वाली है।
पुलिस के मुताबिक, वसुंधरा निवासी सुशील कुमार भटनागर ने 24 सितंबर को इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपनी पत्नी रेनू भटनागर और उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर जान से मारने की नीयत से जहर देने का आरोप लगाया था। शिकायत में उन्होंने अपने बेटे और भांजे को भी जहर दिए जाने की बात कही थी। सुशील कुमार ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत लगातार खराब हो रही थी। चिकित्सकीय जांच में लीड पॉइजनिंग की पुष्टि होने के बाद उन्हें जानबूझकर जहर दिए जाने का संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने 23 नवंबर को रेनू भटनागर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि सुशील कुमार की करीब पांच से छह करोड़ रुपये की ट्रैवल एजेंसी है। इसके अलावा उनके नाम पर दो करोड़ रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी भी है, जिसमें उनकी पत्नी रेनू नॉमिनी थी।
पुलिस का दावा है कि बीमा की रकम और संपत्ति हासिल करने के उद्देश्य से महिला ने कथित तौर पर पति को जान से मारने की साजिश रची थी। इस मामले में पति के बेटे और भांजे को भी निशाना बनाए जाने के आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार महिला के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही उसके परिवार के अन्य सदस्यों की कथित संलिप्तता और आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।