अनंत सिंह की बेटी की शादी में शाही जश्न, झारखंडी बैंड पर थिरके बाराती, अमेरिका से पहुंचे मेहमान
शिवांगी की शाही शादी, लग्जरी डिफेंडर बनी बारात की शान
बिहार। मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी में भव्य जश्न देखने को मिल रहा है। बुधवार को पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर से दूल्हे ऋषिकेश कुमार की बारात धूमधाम से रवाना हुई। ढोल-नगाड़ों की गूंज, झारखंडी बैंड की धुन और बारातियों के शानदार डांस ने शादी के माहौल को खास बना दिया। विवाह समारोह में शामिल होने के लिए बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा अहमदाबाद और अमेरिका से भी मेहमान पहुंचे हैं।
बारात रवाना होने से पहले दूल्हे ऋषिकेश कुमार की मां आशा देवी ने पारंपरिक तरीके से परछावन की रस्म पूरी की। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने पूरे रीति-रिवाज के साथ दूल्हे को विवाह के लिए रवाना किया। इस दौरान परिवार के लोगों और रिश्तेदारों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बारात में फूलों से सजी लग्जरी डिफेंडर कार आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। बताया जा रहा है कि यह वही कार है, जिसे अनंत सिंह ने तिलक समारोह के दौरान दूल्हे ऋषिकेश कुमार को उपहार के रूप में दिया था। इसी कार में सवार होकर ऋषिकेश अपनी दुल्हनिया को लेने निकले।
शादी समारोह को खास बनाने के लिए झारखंड से विशेष बैंड बुलाया गया था। बैंड की धुन पर बाराती जमकर नाचते नजर आए। दूल्हे के पिता रणविजय कुमार सिंह भी शादी की खुशियों में बारातियों के साथ थिरकते दिखाई दिए। उनके डांस ने समारोह की रौनक और बढ़ा दी। शिवांगी और ऋषिकेश के विवाह में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेश से भी मेहमान पहुंचे हैं। अहमदाबाद और अमेरिका से आए मेहमान भी विवाह समारोह का हिस्सा बने हैं।
बिहटा के कृष्णानगर से रवाना हुई बारात अनंत सिंह के पैतृक गांव नदावां पहुंचेगी। यहां पारंपरिक वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शिवांगी और ऋषिकेश विवाह के बंधन में बंधेंगे। दोनों सात फेरे लेकर अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत करेंगे। अनंत सिंह की बेटी की शादी में शाही अंदाज के साथ पारंपरिक संस्कृति की झलक भी देखने को मिल रही है। फूलों से सजी डिफेंडर कार, झारखंडी बैंड, ढोल-नगाड़े और बारातियों का उत्साह इस विवाह समारोह की प्रमुख खासियत बने हुए हैं। शादी की भव्यता और देश-विदेश से पहुंचे मेहमानों के कारण यह समारोह चर्चा में है।