उत्तर प्रदेश। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर शुरू हुई खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के कुछ नेताओं की बयानबाजी पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेता भारतीय जनता पार्टी से मिले हुए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को अपने नेताओं की बयानबाजी पर लगाम लगाने की नसीहत दी है।


अखिलेश यादव ने कहा, ''ये कांग्रेस के लोग बीजेपी से मिले हुए हैं। कांग्रेस अपने 'चिरकुट' नेताओं से सपा के बारे में न बुलवाए।'' उनके इस तल्ख बयान के बाद दोनों सहयोगी दलों के बीच जारी राजनीतिक मतभेद फिर चर्चा में आ गए हैं। दरअसल, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के समायोजन पर बातचीत चल रही है। इसी बीच समाजवादी पार्टी की ओर से उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने पर कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति जताई थी।
सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी सपा के फैसले पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने गठबंधन में आपसी सम्मान और सहमति का मुद्दा उठाया था। मसूद ने सवाल किया था कि जब दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है, तब उम्मीदवारों की घोषणा करने की क्या जरूरत थी। अब अखिलेश यादव ने कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उनके बयान से दोनों पार्टियों के बीच सीटों को लेकर जारी मतभेद एक बार फिर उजागर हुए हैं।
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर दोनों राजनीतिक दल अपनी चुनावी रणनीति तैयार कर रहे हैं। ऐसे में उम्मीदवारों के चयन और सीटों के बंटवारे का मुद्दा दोनों दलों के लिए महत्वपूर्ण है। सार्वजनिक बयानबाजी के बीच गठबंधन में आपसी समन्वय बनाए रखना भी एक चुनौती हो सकती है। अखिलेश यादव के आरोपों पर कांग्रेस नेतृत्व की विस्तृत प्रतिक्रिया का इंतजार है। हालांकि, दोनों दलों के बीच गठबंधन समाप्त होने की कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि सीट बंटवारे को लेकर दोनों पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व के बीच बातचीत किस दिशा में आगे बढ़ती है।
Tags: