Bijnor बिजनौर: स्योहारा शुगर मिल के केन यार्ड में टोकन को लेकर दो ट्रक ड्राइवर आपस में भिड़ गए। एक ट्रक ड्राइवर ने दूसरे सलमान को चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी अजीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है।गुरुवार शाम को गन्ने से भरे ट्रक स्योहारा शुगर मिल पहुंचे। केन यार्ड पहुंचने पर दो ट्रक ड्राइवर टोकन को लेकर आपस में भिड़ गए। बहस देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। बात इतनी बढ़ गई कि एक ट्रक ड्राइवर ने दूसरे सलमान को चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उनका कहना है कि आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना को सुलझा लिया जाएगा। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में गुस्सा और दहशत है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।कार्यवाहक थाना इंचार्ज इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि स्योहारा के मोहल्ला वीरमपुर निवासी अजीम पुत्र यासीन के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।