पानी की समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों ने जलदाय मंत्री का फूंका पुतला

Update: 2023-08-02 13:20 GMT

अजमेर: अजमेर के महावीर सर्किल स्थित जलदाय विभाग पर वार्ड 80 के पार्षद के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों के द्वारा प्रदर्शन किया गया। क्षेत्रवासियों ने जलदाय मंत्री महेश जोशी का पुतला जलाकर मटके फोड़े और अपना विरोध जताया। वार्ड पार्षद और क्षेत्रवासियों ने अधिकारियों को ज्ञापन देकर पानी की समस्या को जल्द दूर करने की मांग रखी है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है। नगर निगम के वार्ड 80 के पार्षद धर्मेंद्र चौहान के नेतृत्व में क्षेत्रवासी बुधवार को महावीर सर्किल स्थित जलदाय विभाग के बाहर पहुंचे और विरोध जताया। पार्षद के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने जलदाय मंत्री महेश जोशी का पुतला जलाकर मटके फोड़े और अपना विरोध जाहिर किया।

जलदाय विभाग के बाहर मटके फोड़कर क्षेत्रवासियों और पार्षद ने अधिकारियों पर लगाए आरोप। वार्ड पार्षद धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि उनके वार्ड में 2 साल से पानी की समस्या बनी हुई है। अधिकारियों को इसे लेकर कई बार अवगत करवा दिया लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। पार्षद ने कहा कि 2018 में बीजेपी की सरकार में 48 घंटे में पानी आता था। लेकिन वर्तमान में 5 दिनों में पानी की सप्लाई दी जा रही है उसमें भी प्रेशर सही तरीके से नहीं दिया जा रहा। इसके साथ ही पानी की पाइप लाइन भी ठीक नहीं है। अधिकारियों को अवगत करवाया गया लेकिन अधिकारियों के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही। पिछले 2 सालों से क्षेत्र की जनता परेशान हैं और बुधवार को सभी आक्रोशित होते हुए जलदाय विभाग पर पहुंचे और विरोध जताया।

अधिकारी मिले गायब वार्ड पार्षद धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि प्रदर्शन को लेकर मंगलवार को ही विभाग के अधिकारियों को अवगत करवा दिया था। बुधवार को जब 11 बजे के करीब विभाग पर क्षेत्रवासी प्रदर्शन के लिए पहुंचे तो अधिकारी गायब मिले। पार्षद ने आरोप लगाया कि पिछले दिनों हुई बारिश से बीसलपुर लबालब भर चुका है। लेकिन सरकार की हठधर्मिता के चलते बीजेपी पार्षदों के वार्डो में पानी की सप्लाई नहीं दी जा रही है। इसे वार्ड की जनता सहन नहीं करेगी।

Tags:    

Similar News