जयपुर में गुरु नानक देव का 557वां प्रकाश पर्व धूमधाम से मना, गुरुद्वारों में उमड़ी संगत
'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' के संदेश के साथ मनाया गया गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व
जयपुर: सिख धर्म के संस्थापक प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को जयपुर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के सभी प्रमुख गुरुद्वारों में विशेष धार्मिक आयोजन हुए। गुरुद्वारों को फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका और सरबत के भले की अरदास की।
राजापार्क स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में आयोजित विशेष दीवान में राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मत्था टेककर अरदास की। अखंड पाठ साहिब के भोग के बाद रागी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन किया। शाम को दीपोत्सव और गुरु के लंगर का आयोजन हुआ।
वैशाली नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार में भी विशेष कीर्तन दीवान सजाया गया। गुरुद्वारा प्रधान सरदार सर्वजीत सिंह मखीजा के अनुसार, यहां करीब 15 से 18 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। लंगर के लिए लगभग 20 हजार प्रसादे तैयार किए गए। राजस्थान की पहली स्वचालित प्रसादे बनाने वाली मशीन भी आकर्षण का केंद्र रही। कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने भी गुरुद्वारे पहुंचकर मत्था टेका और लंगर सेवा की।
इस दौरान भाई सतिंदर पाल सिंह और अन्य रागी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया। ज्ञानी निर्मल सिंह धूलकोट वालों ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए समानता, भाईचारे और मानव सेवा का संदेश दिया।
शहर के पानीपेच, नेहरू नगर, मानसरोवर, सेठी कॉलोनी, ट्रांसपोर्ट नगर और मालवीय नगर सहित अन्य गुरुद्वारों में भी प्रकाश पर्व मनाया गया। इस अवसर पर गुरु नानक देव जी के तीन प्रमुख संदेशों—नाम जपो, किरत करो और वंड छको—को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।