सर्दियों में फिटनेस को न करें नजरअंदाज, रोजाना 30 मिनट का व्यायाम रखेगा सेहतमंद
ठंड में कम हो जाती है फिजिकल एक्टिविटी? फिट रहने के लिए बदलें अपनी ये आदतें
जयपुर: सर्दियों में ठंड के कारण लोगों की शारीरिक गतिविधियां कम हो जाती हैं। सुबह देर तक सोना और व्यायाम से दूरी बनाना आम हो जाता है। ऐसे में फिटनेस एक्सपर्ट टीना सैनी ने स्वस्थ और सक्रिय रहने के लिए पांच महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।
उन्होंने बताया कि रोजाना 20 से 30 मिनट पैदल चलना, साइकिलिंग, योग या हल्का व्यायाम करना फायदेमंद है। इसके साथ स्क्वाट्स, पुश-अप्स और लंजेस जैसे अभ्यासों से मांसपेशियों को मजबूत बनाया जा सकता है।
टीना सैनी ने भोजन में प्रोटीन, मौसमी फल, सब्जियां, दालें और फाइबर शामिल करने की सलाह दी। वहीं तले हुए खाद्य पदार्थों और अधिक मीठे से बचने को कहा।
उन्होंने बताया कि फिट रहने के लिए महंगे जिम की जरूरत नहीं है। घर पर योगा मैट, डंबल और रेजिस्टेंस बैंड की मदद से भी नियमित व्यायाम किया जा सकता है।
इसके अलावा पर्याप्त पानी पीना, रोजाना 7 से 9 घंटे सोना और शरीर को आराम देना भी जरूरी है। उनका कहना है कि परिवार का हर सदस्य अपनी क्षमता के अनुसार रोजाना फिटनेस के लिए समय निकाले।