जयपुर में सड़क चौड़ीकरण से पहले मकान-दुकानों के पट्टों की होगी जांच, मंत्री ने दिए निर्देश
व्यापारियों के विरोध के बाद एक्शन में सरकार, न्यू सांगानेर रोड मामले में होगी दस्तावेजों की पड़ताल
जयपुर: न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण मामले में प्रभावित मकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई से पहले उनके दस्तावेजों की जांच की जाएगी। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) प्रभावित निर्माणकर्ताओं के पट्टों और अन्य रिकॉर्ड का परीक्षण करने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय करेगा।
व्यापारियों और स्थानीय लोगों की नाराजगी के बीच यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने मंगलवार को अपने आवास पर जेडीए और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें जेडीए सचिव गौरव सैनी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में सड़क चौड़ीकरण के लिए किए गए डिमार्केशन, प्रस्तावित अलाइनमेंट और प्रभावित मकानों व दुकानों की स्थिति पर चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों की ओर से सौंपे गए ज्ञापन, आपत्तियों और दस्तावेजों का गंभीरता से परीक्षण किया जाए।
व्यापारियों का कहना है कि उनके पास जेडीए और नगर निगम के पट्टे होने के बावजूद निर्माणों को चौड़ीकरण की जद में लिया जा रहा है। उन्होंने कार्रवाई से पहले दस्तावेजों और सड़क की प्रस्तावित सीमा की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मंत्री ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से सभी तथ्यों की जांच कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किन निर्माणों को अवैध अतिक्रमण मानकर कार्रवाई के दायरे में लिया जाएगा।