देश-विदेश में राजस्थान फाउंडेशन के 51 चैप्टर्स, प्रवासियों से मजबूत होगा जुड़ाव
राजस्थान के विकास में प्रवासियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश
जयपुर: राजस्थान सरकार प्रवासी राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने और प्रदेश के विकास में उनकी भागीदारी बढ़ाने की तैयारी कर रही है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने 10 दिसंबर को आयोजित होने वाले प्रवासी राजस्थानी दिवस की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को शासन सचिवालय में राजस्थान फाउंडेशन की 14वीं कार्यकारी समिति की बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों और फाउंडेशन की गतिविधियों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि कार्यक्रम के सत्र संवादपरक, रोचक और ज्ञानवर्धक होने चाहिए।
बैठक में बताया गया कि राजस्थान फाउंडेशन के देश-विदेश में कुल 51 चैप्टर्स हैं, जिनमें 25 घरेलू और 26 अंतरराष्ट्रीय चैप्टर्स शामिल हैं। इसके अलावा प्रदेश के सभी 41 जिलों में जिला प्रवासी प्रकोष्ठों का गठन किया जा चुका है।
बैठक में प्रवासी राजस्थानियों से संवाद बढ़ाने, संगठनात्मक ढांचे, चैप्टर्स के मॉडल संविधान और सेवा नियमों में संशोधन सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। सरकार का उद्देश्य प्रवासी राजस्थानियों के अनुभव, निवेश और सहयोग को प्रदेश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास से जोड़ना है।