राजस्थान की लोककथाओं में छिपे जीवन मूल्य, जयपुर में हुआ लोकमंथन
जयपुर में लोककथा प्रस्तुति प्रतियोगिता, निकिता शेखावत ने हासिल किया पहला स्थान
जयपुर: अखिल भारतीय साहित्य परिषद की ओर से राजस्थान विश्वविद्यालय के राजस्थान अध्ययन केंद्र में प्राक लोकमंथन के तहत लोककथा प्रस्तुति प्रतियोगिता और वैचारिक मंथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय 'राजस्थान की लोककथा में लोकमंगल' रहा।
मुख्य वक्ता डॉ. अन्नाराम शर्मा ने कहा कि राजस्थान की लोककथाओं में अन्याय के खिलाफ संघर्ष, प्रकृति संरक्षण, त्याग और जीवों के प्रति करुणा जैसे जीवन मूल्य समाहित हैं। उन्होंने टमरक टूं और झंडिया बालक की लोककथाएं भी सुनाईं।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निकिता शेखावत ने प्रथम, हेमेंद्र सिंह ने द्वितीय और तिमनपाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
आयोजकों के अनुसार, जयपुर के जवाहर कला केंद्र में 4 से 6 दिसंबर तक राष्ट्रीय स्तर का लोकमंथन-2026 आयोजित होगा। इसमें देश-विदेश के विशेषज्ञ, लोक कलाकार, साहित्यकार और विचारक शामिल होंगे। प्राक लोकमंथन कार्यक्रम इसी राष्ट्रीय आयोजन की पूर्व तैयारियों का हिस्सा है।