राजस्थान में पंचायत चुनाव के बाद गरमाई सियासत, गहलोत ने भाजपा को घेरा
जनता के आक्रोश का नतीजा हैं पंचायत चुनाव के परिणाम, अशोक गहलोत का दावा
जोधपुर: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पंचायत चुनाव के नतीजों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। सोमवार को जोधपुर सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ जनता में नाराजगी है और पंचायत चुनाव के परिणाम इसका संकेत हैं।
गहलोत ने कहा कि कांग्रेस को भी उम्मीद नहीं थी कि उसे इतने अधिक वोट मिलेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं और सरकार के कामकाज से जनता नाराज है। उन्होंने भाजपा नेताओं से चुनाव परिणामों को विनम्रता से स्वीकार कर आत्ममंथन करने की अपील की।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए गहलोत ने रोजगार, महंगाई, काला धन और किसानों की आमदनी से जुड़े चुनावी वादों पर सवाल उठाए। वहीं, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने की मांग की।
गहलोत ने दावा किया कि पंचायत चुनाव के नतीजे भाजपा सरकार के लिए चेतावनी हैं और अब उसे जनता के बीच जाकर अपनी कार्यशैली में सुधार करना चाहिए।