Bhilwara, भीलवाड़ा। श्रीनगर माहेश्वरी सभा भीलवाडा के तत्वाधान में महेश नवमी खेलकुद महोत्सव के अंतर्गत नगर माहेश्वरी महिला संस्थान व माहेश्वरी वूमेन स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ भव्य आतिशबाजी व बड़े ही उत्साह एवं जोश के साथ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर समाज की महिलाओं एवं युवतियों में खेल के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अखिल भारतीय माहेश्वरी महिला संगठन की कोषाध्यक्ष  ममता मोदानी सहित श्रीगोपाल राठी, ओम नरानीवाल, राजेन्द्र कचोलिया, नगर अध्यक्ष केदार जागेटिया, केदार गगरानी एवं संयोजक अतुल राठी, सुरेश बिरला, केजी राठी, अर्चित मून्द्रडा के साथ ही समाज के गणमान्य नागरिकों, पदाधिकारियों एवं महिला मंडल की सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। महेश नवमी खेलकुद महोत्सव 2026 के अंतर्गत 9 से 11 जून तक आयोजित होने वाली माहेश्वरी महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में 11 क्षेत्रीय सभाओं की टीमें भाग ले रही है। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। उद्घाटन समारोह में वक्ताओं ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं समाज में एकता, अनुशासन और आत्मविश्वास को बढ़ावा देती हैं। महिलाओं की बढ़ती भागीदारी समाज में सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक है। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी, गेंदबाजी एवं क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। पूरे मैदान में खेल भावना और उत्साह का माहौल बना रहा। आयोजकों ने बताया कि महेश नवमी खेलकुद महोत्सव के तहत समाज की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना एवं उनकी प्रतिभा को निखारना है। नगर माहेश्वरी महिला संस्थान से वीना मोदी, विनीता तोषनीवाल, माहेश्वरी वूमेन स्पोर्ट्स क्लब से निशा सोनी, सोनल माहेश्वरी, कल्पना सोमानी सभी टीमों का प्रतिनिधित्व कर रही। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।

Tags: