Jaipur जयपुर । जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री कन्हैया लाल ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि खानपुर विधानसभा क्षेत्र में जलजीवन मिशन योजना के तहत जोड़े गए गांवों में पर्याप्त दबाव से पानी की आपूर्ति होना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि खानपुर विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के लिए 4 वृहद पेयजल परियोजनाएं स्वीकृत हैं।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्यों द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि खानपुर विधानसभा क्षेत्र के 405 गांवों को जल जीवन मिशन योजना के तहत घर-घर जल संबंधों द्वारा लाभान्वित किया जाना था, जिसमें से 73 गांवों को योजना में ओटीएमपी के माध्यम से जोड़ा जा चुका है। वर्तमान में इन गांवों में कम प्रेशर के कारण पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार द्वारा पर्याप्त मॉनिटरिंग के अभाव में इस तरह की समस्याएं पैदा हुई हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि कम प्रेशर होने के कारण नलों में पानी नहीं आने की समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों की टीम बनाकर जांच की जाएगी तथा जांच कर उचित समाधान किया जाएगा।
जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री ने कहा कि खानपुर विधानसभा क्षेत्र में फ्लोराइड युक्त पानी की शिकायत मिलने पर जांच कराकर समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि विधानसभा क्षेत्र खानपुर में एकीकृत प्रबंधन सूचना प्रणाली (आई.एम.आई.एस) की अद्यतन रिपोर्ट के अनुसार कोई भी ग्राम फ्लोराइड की समस्या से ग्रसित नहीं पाया गया है।
इससे पहले विधायक श्री सुरेश गुर्जर के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र खानपुर में कुल 405 ग्राम अवस्थित हैं। इन सभी ग्रामों को जल जीवन मिशन योजना के तहत घर-घर जल संबंधों द्वारा लाभान्वित करने हेतु वृहद पेयजल परियोजना/अन्य पेयजल योजनाओं की स्वीकृतियां राज्य स्तरीय योजना स्वीकृति समिति की विभिन्न बैठकों द्वारा जारी की जा चुकी है। उन्होंने योजना का विवरण सदन के पटल पर रखा।
उन्होंने बताया कि स्वीकृत 04 वृहद पेयजल परियोजना में से वृहद पेयजल परियोजना छापी-झालावाड़ के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र खानपुर हेतु स्वीकृत 140 ग्रामों में से 23 ग्रामों का कार्य पूर्ण कर पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, शेष का कार्य प्रगतिरत है। वृहद पेयजल परियोजना राजगढ़-झालरापाटन एवं छापी-विस्तार का कार्य प्रगतिरत है तथा वृहद पेयजल परियोजना परवन-अकावद के क्रियान्वयन हेतु निविदा प्रक्रियाधीन है। उन्होंने परियोजनावार स्वीकृत ग्रामों का विवरण सदन के पटल पर रखा।
लघु पेयजल परियोजना के तहत विधानसभा क्षेत्र खानपुर के 64 ग्रामों को लाभान्वित किये जाने हेतु स्वीकृत 58 लघु योजनाओं में से 45 योजनाओं का कार्य पूर्ण कर 50 ग्रामों को लाभान्वित किया जा चुका है, शेष का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने इसका विवरण सदन के पटल पर रखा।