रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विशाल जनसभा को करेंगे संबोधित, प्रधान तंवर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
राजस्थान के पोकरण में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आगामी चार सितंबर को धार्मिक स्थली रामदेवरा आएंगे। वह यहां पर बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन करने के साथ ही विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। उनकी यात्रा को देखते हुए रामदेवरा में सुरक्षा व्यवस्था अलर्ट कर दी गई है
रामदेवरा में पैनोरमा के पास जिस स्थान पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की जनसभा आयोजित होनी है, वहां पर विशाल शामियाना लगवाया जा रहा है। संभाग भर के 40 हजार से अधिक लोगों को यहां आने की संभावना है। इसको देखते हुए सभी पुख्ता व्यवस्थाएं चाक चौबंद की जा रही है। भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा का धार्मिक स्थल रामदेवरा से भव्य आगाज होगा। इसके लिए भाजपा के सभी पदाधिकारी की जान से इस जनसभा को सफल बनाने में जुटे हुए नजर आ रहे हैं।
इसमें केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया सहित प्रदेश के सभी बड़े पदाधिकारी शिरकत करेंगे। इसको लेकर पंचायत समिति सांकड़ा के प्रधान भगवत सिंह तंवर, सरपंच समुंदर सिंह तंवर ने सभा स्थल का जायजा लिया। यहां पर विशाल शामियाना लगाए जाने के लिए जेसीबी की सहायता से साफ सफाई और अन्य व्यवस्थाएं करने के लिए व्यवस्था में जुटे दिखाई दिए।