Ludhiana firing : पंजाब के लुधियाना में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। बदमाश इतने बेखौफ हैं कि कहीं भी गोलियां चलाने से नहीं कतराते। लुधियाना के टिब्बा रोड स्थित स्वतंत्र नगर इलाके में उस समय दहशत फैल गई जब शहर की पहली महिला मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर के घर से कुछ ही दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने हवा में फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही वहां मौजूद युवक अपने-अपने घरों की ओर भागे। इसके बाद आरोपी ललकारते और धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में दहशत फैल गई। लोग जब अपने घरों से बाहर निकले तो आरोपी भाग चुके थे।
इसी बीच लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद टिब्बा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। किसी ने पुलिस में लिखित शिकायत नहीं की है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर जांच में जुटी है। लुधियाना के वार्ड नंबर 13 की पार्षद और नगर निगम की मेयर इंद्रजीत कौर का घर स्वतंत्र नगर इलाके में है। मंगलवार देर रात गोलियां चलीं। इलाके में रहने वाली सुरजीत कौर ने बताया कि उसके पड़ोसी टोनी की सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर कुछ युवकों से रंजिश चल रही थी। देर रात उसका बेटा टोनी और इलाके के कुछ युवक घर के बाहर सोफे पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक आए और अचानक फायरिंग कर दी। उक्त युवकों ने सबसे पहले बाइक मोड़ते ही आगे बढ़कर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद बाहर बैठे सभी युवक अपने-अपने घरों की तरफ भाग गए और आरोपी धमकियां देते हुए फरार हो गए।
इलाके के लोगों का कहना है कि होली वाले दिन भी उक्त युवक बोरी में बोतलें भरकर लाए थे और इलाके में फायरिंग की थी। उक्त मामला टोनी के साथ भी चल रहा है। एक सप्ताह पहले एक बार फिर रील बनाने को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी के चलते आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। थाना टिब्बा के एसएचओ सब इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने बताया कि पूरा मामला उनके संज्ञान में आया है, लेकिन अभी तक किसी ने लिखित शिकायत नहीं दी है। फिर भी पुलिस आरोपियों का पता लगाने में लगी हुई है। जल्द ही पूरे मामले को सुलझा लिया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।