Indore : नर्मदा पाइपों में आग से मचा हड़कंप

Update: 2025-12-24 01:50 GMT
Indore : इंदौर के महूनाका क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक बड़ी आगजनी की घटना सामने आई। यहां नर्मदा परियोजना के लिए रखे गए प्लास्टिक पाइपों में अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया, जिसे शहर के कई हिस्सों से देखा जा सकता था। आगजनी की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम सक्रिय हुई। दमकल की एक गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
दोपहर करीब 2 बजकर 20 मिनट पर जब आग लगी, तो उससे उठने वाले घने धुएं के कारण महूनाका क्षेत्र की सड़कों पर दृश्यता कम हो गई। इसके चलते कुछ समय के लिए क्षेत्र के यातायात में बाधा उत्पन्न हुई और वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ये प्लास्टिक पाइप नर्मदा परियोजना के कार्य के लिए यहां लाकर रखे गए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये पाइप पिछले तीन महीनों से इसी खुले मैदान में लावारिस स्थिति में पड़े थे। आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन विभाग ने किसी शरारती तत्व द्वारा आग लगाए जाने की आशंका व्यक्त की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Tags:    

Similar News