Jharkhand झारखंड: जिला प्रशासन के लाख प्रयासों के बावजूद चतरा में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. बेकाबू रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों की चपेट में आने से रोज लोगों की मौत हो रही हैं. इसी क्रम में रविवार को फिर एक सड़क दुर्घटना में एक बुजुर्ग की मौत हो गई|जानकारी के अनुसार चतरा के धमनियां मोड़ के पास रविवार को तेज रफ्तार गैस लदा वाहन की चपेट में आने से प्रह्लाद सिंह नामक बुजुर्ग की मौत हो गई. मृत बुजुर्ग सदर थाना क्षेत्र के आरा गांव निवासी थे और चतरा सांसद कालीचरण सिंह के चचेरे भाई थे. इधर, घटना की जानकारी मिलते ही सांसद कालीचरण सिंह और स्थानीय पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची|
पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुजुर्ग पैदल सड़क किनारे चल रहे थे. इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और सदर थाना ले आई है. मामले में पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है. इधर, घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है|पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है|