Jharkhand झारखंड: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में मॉब लिंचिंग का मामला सामने आया है. जहां बकरी चोरी करते पकड़े जाने पर भीड़ ने दो लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोड़सा गांव में हुई. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग ने बताया कि बकरी के मालिक ने दो युवकों को बकरी चोरी करते पकड़ लिया. इसके बाद उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और भीड़ के साथ मिलकर उनकी पिटाई शुरू कर दी. इन लोगों ने दोनों को तब तक पीटा जब तक उनकी मौत नहीं हो गई. पुलिस ने बताया कि उनमें से एक युवक मौके पर ही गिर पड़ा था|
पुलिस के पहुंचने के बाद जब दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमने घटना के सिलसिले में बकरी के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है, अन्य अपराधियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मिली जानकारी के अनुसार मृतकों के नाम किशुक बेहरा और भोला महतो बताए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. जिसके चलते गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात कर दी गई है।