धनबाद: धनबाद थाना क्षेत्र के बरामुड़ी खटाल में पुलिस ने छापेमारी कर एक घर से देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में पप्पू कुमार (31) को गिरफ्तार किया है।

वहीं, विशुनपुर की टीचर्स कॉलोनी निवासी अंकित पाठक पर पप्पू को हथियार रखने के लिए देने का आरोप है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है।
शनिवार की देर रात पुलिस को यह सूचना मिली थी कि बरामुड़ी खटाल निवासी पप्पू कुमार के पास अवैध हथियार है और वह किसी आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम रात करीब 12:45 बजे उसके घर पहुंची। पुलिस को देखते ही मुख्य द्वार पर खड़ा एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम पप्पू कुमार, पिता रामावतार यादव, बताया।
पुलिस ने नियमानुसार घर की तलाशी ली। इस दौरान शयनकक्ष में बिस्तर के गद्दे के नीचे से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद की गई। कारतूस के निचले हिस्से पर 7.65 के एफ लिखा हुआ था। हथियार से संबंधित वैध कागजात मांगने पर आरोपित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर पप्पू कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पप्पू ने बताया कि उक्त हथियार उसे विशुनपुर की टीचर्स कॉलोनी निवासी अंकित पाठक ने रखने के लिए दिया था। पुलिस ने अंकित पाठक को भी मामले में आरोपित बनाया है। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
Tags: