Jharkhand झारखंड: दशहरे पर झारखंड के कई जिलों में बारिश का खतरा मंडरा रहा है। रांची मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 1 अक्टूबर से मौसम में बदलाव शुरू हो जाएगा और 2 व 3 अक्टूबर को राज्य के लगभग 12 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। गरज के साथ छींटे पड़ने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम विज्ञानी सतीश चंद्र मंडल ने बताया कि 30 सितंबर को उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने की संभावना है। इससे 1 अक्टूबर को मध्य बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की उम्मीद है। यह 2 अक्टूबर तक एक अवदाब में बदल जाएगा, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और 3 अक्टूबर की सुबह तक दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों को पार करेगा। इस मौसम परिवर्तन का झारखंड पर सीधा प्रभाव पड़ेगा। 2 और 3 अक्टूबर को गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
3 से 5 अक्टूबर के बीच गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह जिलों में बारिश तेज हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश और तेज़ हवाओं का असर दशहरा उत्सव पर भी पड़ सकता है।