जम्मू: जम्मू-कश्मीर में 15 नवंबर को आयोजित फाइनेंस अकाउंट्स असिस्टेंट (FAA) भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर विवाद बढ़ गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने मामले की व्यापक जांच कराने और गड़बड़ी में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

अभाविप जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख ने जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से कथित नकल नेटवर्क का पर्दाफाश करने और आरोपितों की गिरफ्तारी की सराहना की। परिषद का कहना है कि जांच केवल गिरफ्तारियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरे नेटवर्क और उसके मास्टरमाइंड का पता लगाया जाना चाहिए।

परिषद ने विशेष जांच दल (एसआईटी) से वित्तीय लेनदेन, संचार माध्यमों और परीक्षा केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों की संभावित भूमिका की जांच समयबद्ध तरीके से करने की मांग की है।

परिषद के अनुसार, 600 पदों के लिए आयोजित परीक्षा में 20 जिलों के 493 केंद्रों पर 1,61,946 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। अभाविप ने कहा कि यदि जांच में परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित होने की पुष्टि होती है तो परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित करने जैसे सुधारात्मक कदमों पर विचार किया जाना चाहिए।

अभाविप के प्रदेश सचिव सन्नक श्रीवत्स ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता से समझौता नहीं होना चाहिए। परिषद ने जेकेएसएसबी और जेकेपीएससी की परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों, परीक्षा विशेषज्ञों और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की राज्य स्तरीय समिति गठित करने की भी मांग की है।

Tags: