जम्मू: जम्मू के कटली गांव स्थित दाता सहदेव देवस्थल में अखिल भारतीय काटल राजपूत बिरादरी की वार्षिक मेल धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। आयोजन में जम्मू-कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा पंजाब और हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक हवन-पूजन से हुई। इसके बाद सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने दाता सहदेव के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर मंदिर कमेटी की ओर से शिक्षा और खेलों में उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों तथा राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफियां प्रदान की गईं।

मंदिर कमेटी के सदस्यों ने कहा कि ऐसे आयोजन धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ बिरादरी में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं। साथ ही युवाओं को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।

Tags: