जम्मू में क्रिकेट का रोमांच, शिव वारियर्स ने 62 तो लायंस सीसी ने 26 रन से जीता मैच
207 रन बनाकर शिव वारियर्स ने मारी बाजी, लायंस सीसी ने भी दर्ज की शानदार जीत
जम्मू: कश्मीरी पंडित प्रीमियर लीग (KPP लीग) के सातवें संस्करण में मंगलवार को एमए स्टेडियम में खेले गए दो मुकाबलों में पाक्षा शिव वारियर्स और लायंस सीसी ने शानदार जीत दर्ज की।
पहले मुकाबले में शिव वारियर्स ने रुद्र नाइट राइडर्स को 62 रन से हराया। शिव वारियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 207 रन बनाए। जवाब में रुद्र नाइट राइडर्स की टीम 145 रन ही बना सकी। चारुकेश जुत्शी ने 47 गेंदों में 76 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल किया।
दूसरे मुकाबले में लायंस सीसी ने मेवरिक्स क्रिकेट क्लब को 26 रन से शिकस्त दी। लायंस सीसी ने 7 विकेट पर 142 रन बनाए। रॉकी रैना ने 42 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेवरिक्स की टीम 116 रन पर सिमट गई। दिलीप धर ने चार विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता।
टूर्नामेंट का आयोजन ललितादित्य स्पोर्ट्स एजुकेशन एंड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन के सहयोग से किया जा रहा है। इस बार पहली बार मुकाबलों का सीधा प्रसारण जियो टीवी पर भी किया जा रहा है।