कठुआ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर SSP सख्त, घुसपैठ और ड्रोन गतिविधियों पर बढ़ेगी निगरानी
नशा तस्करों की संपत्ति होगी कुर्क, कठुआ SSP ने पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश
कठुआ: जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए एसएसपी मोहित शर्मा ने जिला पुलिस मुख्यालय में सुरक्षा एवं अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। इसमें पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में एसएसपी ने गंभीर अपराधों, एनडीपीएस और गोवंश तस्करी में शामिल आरोपियों की हिस्ट्रीशीट तैयार करने तथा फरार अपराधियों की तलाश तेज करने को कहा। नशा तस्करी के मामलों में समय पर चालान पेश करने और आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश भी दिए।
सीमा सुरक्षा की समीक्षा के दौरान घुसपैठ के संभावित रास्तों और ड्रोन गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया। सीमावर्ती क्षेत्रों और अपर कठुआ में सर्च ऑपरेशन तथा गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा अंतरराज्यीय सीमाओं और राष्ट्रीय राजमार्गों पर संयुक्त नाके लगाकर वाहनों की जांच करने पर जोर दिया गया। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को सतर्कता, अनुशासन और जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश दिए।