गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर कठुआ DC ने गुरुद्वारा सिंह सभा में टेका माथा
प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे पहुंचे कठुआ उपायुक्त, प्रबंधक कमेटी ने किया सम्मानित
कठुआ: श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने दशमेश नगर स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान संगत को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं सत्य, निःस्वार्थ सेवा, समानता और करुणा का मार्ग दिखाती हैं। उनके आदर्श समाज में एकता, भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भाव को मजबूत बनाने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से उपायुक्त राजेश शर्मा और जिला सूचना अधिकारी गुरप्रीत सिंह को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य, गुरुद्वारा सिंह सभा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।