गुरु नानक जयंती पर कठुआ में सजेगा विशेष दीवान, संगत को निमंत्रण
कठुआ में मंगलवार को मनेगा प्रकाश पर्व, अखंड पाठ के बाद होगा कीर्तन
कठुआ: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने की तैयारियां की गई हैं। सावन चक स्थित सिंह सभा गुरुद्वारा कमेटी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जिला स्तरीय धार्मिक समागम की जानकारी दी और सभी धर्मों एवं समुदायों के लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
कमेटी के अनुसार, मंगलवार को सुबह 9:30 बजे श्री अखंड पाठ साहिब का भोग डाला जाएगा। इसके बाद विशेष दीवान सजाया जाएगा, जिसमें कीर्तन और गुरबाणी के माध्यम से श्रद्धालुओं को गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं से अवगत कराया जाएगा। धार्मिक कार्यक्रम दोपहर करीब 2:30 बजे तक चलेगा।
कमेटी के सदस्यों ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानवता को प्रेम, समानता, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश दिया है। प्रकाश पर्व किसी एक धर्म तक सीमित नहीं, बल्कि सभी समुदायों को जोड़ने वाला उत्सव है।
गुरुद्वारा कमेटी ने हिंदू, मुस्लिम, सिख सहित सभी धर्मों के लोगों से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। साथ ही कठुआ और आसपास के क्षेत्रों की संगत से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक समागम में शामिल होने का आह्वान किया गया है।