भर्ती नियमों को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन, सड़कों पर निकाली रैली
भर्ती नियमों की अधिसूचना में देरी, कर्मचारियों ने सरकार से लगाई गुहार
कठुआ: जम्मू-कश्मीर के राजकीय मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) कठुआ में गैर-राजपत्रित कर्मचारियों का भर्ती नियमों को अधिसूचित करने की मांग को लेकर धरना सोमवार को लगातार सातवें दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने एसोसिएटेड अस्पताल से शहीदी चौक होते हुए मुखर्जी चौक तक विरोध रैली निकाली।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने बताया कि 21 अगस्त को स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू की अध्यक्षता में हुई बैठक में 30 सितंबर तक सेवा भर्ती नियम अधिसूचित करने की घोषणा की गई थी, लेकिन निर्धारित समयसीमा बीतने के बाद भी अधिसूचना जारी नहीं हुई।
कर्मचारियों के अनुसार, वर्ष 2018 में 300 बिस्तरों वाले अस्पताल के लिए 549 गैर-राजपत्रित पद स्वीकृत किए गए थे। वर्तमान में अस्पताल की क्षमता बढ़कर 600 बिस्तरों तक पहुंच गई है, जबकि करीब 280 कर्मचारी ही कार्यरत हैं।
कर्मचारियों ने भर्ती नियम जल्द अधिसूचित करने, रिक्त पदों पर नियुक्तियां करने और अस्पताल की जरूरत के अनुसार नए पद सृजित करने की मांग की है। एनजीओ बदलाव ने भी प्रदर्शन का समर्थन करते हुए हस्ताक्षर अभियान शुरू किया।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण है और आपातकालीन सेवाएं, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर तथा लेबर रूम सहित सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं। कर्मचारियों ने उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से हस्तक्षेप की अपील की है।