कठुआ: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सरकारी स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने निरीक्षण अभियान चलाया। मुख्य शिक्षा अधिकारी केवल कृष्ण ने मंगलवार को तीन स्कूलों का दौरा कर पढ़ाई और विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने हाई स्कूल उच्चा पिंड, मिडिल स्कूल उच्चा पिंड और हायर सेकेंडरी स्कूल नगरी परोल का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में चल रही पढ़ाई देखी और विद्यार्थियों को मिल रही शैक्षणिक सुविधाओं की समीक्षा की।

सीईओ ने स्कूल परिसरों में चल रहे निर्माण कार्यों और बुनियादी ढांचे के विकास की प्रगति की जानकारी भी ली। उन्होंने शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों से बातचीत कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

केवल कृष्ण ने स्टाफ को पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। नियमित निरीक्षण का उद्देश्य स्कूलों की कमियों को दूर करना और विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक परिणाम सुनिश्चित करना है।

Tags: