Jammu Kashmir: भोलेनाथ मंदिर में हुआ अद्भुत चमत्कार, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
Jammu Kashmir: राजौरी जिले की तेरयाठ तहसील के खेउन गांव में भोलेनाथ का अद्भुत चमत्कार देखने को मिल रहा है। जो भी यहां स्थित प्राचीन गुफा में आता है, भगवान शिव उसके सपने में आकर दर्शन देते हैं। इस प्रकार यहां के ग्रामीणों का कहना है कि जब वे यहां आए तो उन्हें भोलेनाथ का अद्भुत चमत्कार देखने को मिला। इस स्थान के बारे में यह भी मान्यता है कि जो भी यहां भक्ति भाव से आता है, उसकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इस अद्भुत घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह है और दूर-दूर से श्रद्धालु यहां पहुंचकर भोलेनाथ के दर्शन कर रहे हैं।
गुफा के बढ़ते महत्व को देखते हुए प्रशासन ने भी संज्ञान लिया और बुधवार को एडीसी कालाकोट मोहम्मद तनवीर ने गांव का दौरा कर गुफा परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग उठाई। एडीसी मोहम्मद तनवीर ने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही इन सुविधाओं को उपलब्ध कराने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। स्थानीय लोगों के अनुसार यह गुफा वर्षों पुरानी है और कुछ महीने पहले ही इसकी खोज की गई थी और यहां कई बार चमत्कारी घटनाएं देखी जा चुकी हैं। अब एक बार फिर भोलेनाथ के अद्भुत चमत्कार की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।
श्रद्धालुओं का मानना है कि यह स्थान जल्द ही एक बड़ा तीर्थ स्थल बन सकता है, अगर सरकार और प्रशासन इस ओर ध्यान दे, तो उनका यह भी कहना है कि जो भी यहां श्रद्धा से आता है और जो भी मुराद मांगता है, उसकी मुराद पूरी होती है। गुफा में पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी है और लोगों की आस्था दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। प्रशासन द्वारा सुविधाएं मुहैया कराए जाने के बाद यह स्थान एक धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में भी उभर सकता है।