Jammu kashmir: जम्मू कश्मीर में प्री मानसून ने दस्तक दे दी है, जिसके चलते 21 जून की देर रात और 22 जून की सुबह जम्मू संभाग और आसपास के इलाकों में बारिश हुई। बारिश के चलते लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। इसके साथ ही जम्मू संभाग के कई इलाकों के तापमान में भी 3 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, आने वाले दिनों में खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने जम्मू संभाग में येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 23 और 24 जून को जम्मू संभाग में येलो अलर्ट जारी करते हुए हल्की बारिश, गरज, बिजली के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग ने 25, 26 और 27 जून को खराब मौसम को देखते हुए जम्मू में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान जम्मू में बिजली, गरज और धूल भरी आंधी के साथ भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने इस दौरान कई संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, पत्थर गिरने, मिट्टी धंसने और अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई है।रविवार सुबह की शुरुआत बारिश के साथ हुई। आसमान में काले बादल छा गए। काले बादलों के कारण लोग दिन में भी अपने वाहनों की लाइट जलाकर जाते नजर आए। बारिश के कारण सभी को लगा कि दिनभर बारिश होती रहेगी, लेकिन 11 बजे तक बारिश बंद हो गई और जम्मू में मौसम सामान्य हो गया। इसके बाद देर रात तक मौसम सामान्य रहा।