संविधान दिवस पर सुरेश भारद्वाज का कांग्रेस पर निशाना, याद दिलाया आपातकाल
शिमला में संविधान गौरव दिवस का आयोजन, भाजपा ने उठाया आपातकाल का मुद्दा
शिमला: हिमाचल प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा विधि प्रकोष्ठ की ओर से गुरुवार को शिमला में आयोजित संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान केवल उसकी पुस्तक हाथ में लेने से नहीं, बल्कि संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने से होता है।
भारद्वाज ने वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने वर्ष 1976 में हुए 42वें संविधान संशोधन का भी जिक्र किया और राहुल गांधी को अपनी पार्टी के संवैधानिक इतिहास का अध्ययन करने की सलाह दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश विधि प्रकोष्ठ के सह संयोजक अजय वैद्य ने की। उन्होंने संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव आंबेडकर और प्रारूप समिति के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने संविधान को भारतीय लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता का आधार बताया।