धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित उपायुक्त कार्यालय में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन करवाया और संवैधानिक आदर्शों के अनुरूप कार्य करने की शपथ दिलाई।

उपायुक्त ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है, जो नागरिकों को समानता, न्याय, स्वतंत्रता और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनसेवा, निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

हेमराज बैरवा ने संविधान को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मजबूती का प्रतीक बताते हुए सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार, सहायक आयुक्त विवेक चौहान, एसडीएम मोहित रत्न सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags: