हिमाचल TET परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी, 29 नवंबर को 9,012 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
हिमाचल में 29 नवंबर को दो सत्रों में होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) नवंबर-2026 के तहत चार विषयों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। आगामी 29 नवंबर को आयोजित होने वाली इन परीक्षाओं में प्रदेशभर के 9,012 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए कुल 74 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा के अनुसार, सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक टीजीटी नॉन-मेडिकल और स्पेशल एजुकेटर (कक्षा छठी से बारहवीं) की परीक्षा होगी। इनमें क्रमशः 6,315 और 133 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
वहीं, दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक टीजीटी संस्कृत और स्पेशल एजुकेटर (प्री-प्राइमरी से पांचवीं) की परीक्षा आयोजित होगी। इनमें क्रमशः 2,066 और 498 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक परीक्षा की अवधि ढाई घंटे निर्धारित की गई है।
अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर टीईटी लिंक के माध्यम से अपना एप्लीकेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।