हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में करीब सात महीने के इंतजार के बाद पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न हुआ। गुरुवार को हुए निर्वाचन में कांग्रेस और भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने एक-एक पद पर जीत दर्ज की।

महिला अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित रीना देवी निर्विरोध निर्वाचित हुईं। वहीं, उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में भाजपा समर्थित विजय अतुल ने कांग्रेस समर्थित केवल कृष्ण को एक वोट से पराजित किया। कुल 27 सदस्यों में से विजय अतुल को 14 और केवल कृष्ण को 13 मत प्राप्त हुए।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद दोनों दलों के समर्थकों ने अपनी-अपनी जीत का जश्न मनाया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पृथ्वी चंद ने रीना देवी को बधाई दी, जबकि पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने विजय अतुल की जीत पर खुशी जताई।

अग्निहोत्री ने कांग्रेस पर भाजपा समर्थित महिला सदस्य को दबाव में पाला बदलने के लिए मजबूर करने का आरोप भी लगाया। सात महीने बाद पंचायत समिति को नया नेतृत्व मिलने से क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।

Tags: