हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की स्वायत्तता को लेकर 85 दिनों से शिक्षकों का धरना जारी
अकादमिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए शिक्षकों का आंदोलन जारी
शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की स्वायत्तता और अकादमिक स्वतंत्रता की रक्षा को लेकर विश्वविद्यालय शिक्षक कल्याण संघ का आंदोलन जारी है। प्रस्तावित विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक के विरोध में शिक्षक पिछले 85 दिनों से कुलपति कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना दे रहे हैं।
इसी बीच शिक्षक कल्याण संघ के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर विश्वविद्यालय की स्वायत्तता, कुलपति नियुक्ति प्रक्रिया और संशोधन विधेयक से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि विश्वविद्यालय की स्वायत्तता अकादमिक स्वतंत्रता, शोध और नवाचार का आधार है। उन्होंने विश्वविद्यालय की समस्याओं के समाधान के लिए पर्याप्त संसाधन, योग्य मानवशक्ति और मजबूत शैक्षणिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में संघ के अध्यक्ष प्रो. नितिन व्यास, उपाध्यक्ष डॉ. योगराज और सचिव डॉ. अंकुश भारद्वाज सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। संघ ने विश्वविद्यालय की स्वायत्तता की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।