शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोग में सड़क निर्माण के दौरान ब्लास्टिंग से चट्टानें गिरने और एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र कुमार, रवि कुमार, राकेश कुमार और राजेश कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को दिनेश कुमार और संदेश कुमार कार से गुम्मा से अपने घर जा रहे थे। च्यू नाला के समीप सड़क पर कीचड़ के कारण उनकी कार फंस गई। इसी दौरान निर्माण स्थल पर ब्लास्टिंग के बाद पहाड़ी से चट्टानें गिरने लगीं, जिसकी चपेट में आने से संदेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें ठियोग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

शिकायतकर्ता ने ठेकेदार संदीप चंदेल और उसके कर्मचारियों पर ब्लास्टिंग से पहले आवश्यक सुरक्षा इंतजाम नहीं करने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। चारों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 27 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Tags: