शिमला: हिमाचल प्रदेश में इंगेजमेंट पॉलिसी-2026 को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग और फार्मेसी संस्थानों में अस्थाई शिक्षकों की नियुक्ति के प्रावधान पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार युवाओं को नियमित रोजगार देने के बजाय अस्थाई नियुक्तियों को बढ़ावा दे रही है।

मंगलवार को जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनाव के दौरान युवाओं को पक्की नौकरी देने का वादा किया गया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार नई-नई अस्थाई व्यवस्थाएं लागू कर रही है। उन्होंने इंगेजमेंट पॉलिसी-2026 को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।

उन्होंने कहा कि सरकार को अस्थाई नियुक्तियों के बजाय नियमित रोजगार की व्यवस्था करनी चाहिए। उनके अनुसार, ऐसी व्यवस्था से प्रदेश की शिक्षा प्रणाली और युवाओं के भविष्य पर असर पड़ सकता है।

जयराम ठाकुर ने शिमला में सेना के सम्मान में प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना नागरिकों का लोकतांत्रिक अधिकार है और सरकार को इसका सम्मान करना चाहिए।

इससे पहले उन्होंने गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर स्थानीय बस स्टैंड स्थित गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति के लिए अरदास की। उन्होंने गुरु नानक देव की शिक्षाओं को मानवता, समानता और सेवा का संदेश देने वाली अमूल्य धरोहर बताया।

Tags: